औरैया: 75 साल के बुजुर्ग की 30 साल की इंस्टाग्राम ब्लॉगर से शादी, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

Shubham Singh15 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
औरैया: 75 साल के बुजुर्ग की 30 साल की इंस्टाग्राम ब्लॉगर से शादी, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहाँ एक 75 वर्षीय बुजुर्ग अपनी उम्र से करीब 45 साल छोटी एक इंस्टाग्राम ब्लॉगर से शादी करने जा रहे हैं। इस अनोखी प्रेम कहानी की चर्चा अब पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है।

यह मामला औरैया के सदर ब्लॉक के अरियारी गांव का है, जहाँ के निवासी रामसुगर का रिश्ता दयालपुर की रहने वाली 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत के साथ जुड़ा है। बताया जा रहा है कि रामसुगर की पत्नी का करीब सात साल पहले निधन हो गया था। ऐसे में उनकी जिंदगी में रानी की एंट्री हुई, लेकिन यह मुलाकात किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

बेटी के जरिए शुरू हुई प्रेम कहानी

इन दोनों की मुलाकात रामसुगर की बेटी राधा के जरिए हुई। राधा खुद एक यूट्यूबर हैं और डिजिटल कंटेंट बनाने के लिए अक्सर रानी राजपूत के साथ कोलैबोरेशन करती थीं। पिछले दो सालों से रानी, राधा के साथ रील्स शूट करने के लिए उनके घर आती-जाती रहती थीं। इसी दौरान रामसुगर और रानी के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह जान-पहचान प्यार में बदल गई।

रिश्ता इतना गहरा हो गया कि दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। करीब एक हफ्ते पहले इस जोड़े ने रिंग सेरेमनी कर अपनी सगाई पक्की कर ली है और हल्दी की रस्म भी पूरी हो चुकी है। अब यह जोड़ा नवरात्रि का त्योहार खत्म होते ही विवाह के बंधन में बंधने की तैयारी में है।

इस खबर के बाहर आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है। जहाँ कुछ लोग इसे एक अनोखी लव स्टोरी बताकर उनकी सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे महज सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने का एक स्टंट मान रहे हैं। जो भी हो, लेकिन औरैया की यह शादी फिलहाल चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

Share:

Comments

Leave a comment