औरैया: अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो की मौत, गुजरात से घर लौट रहे थे दोनों

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां औरैया ट्रेन हादसा के चलते दो लोगों की जान चली गई। शनिवार सुबह करीब 6:20 बजे दिल्ली-हावड़ा रूट पर स्थित अचलदा रेलवे स्टेशन के पास 13-B रेलवे क्रॉसिंग पर अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजू (30 वर्ष), निवासी नगला रामलाल (फफूँद) और उनके मामा कृष्णा (40 वर्ष), निवासी रेजुआ (एटा) के रूप में हुई है। ये दोनों गुजरात के सूरत में काम करते थे और वहां से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि राजू की तबीयत खराब थी, इसलिए कृष्णा उनके साथ थे।
हादसे के वक्त ये दोनों इटावा-फफूँद MEMU ट्रेन से उतरे थे और रेलवे क्रॉसिंग की ओर पैदल जा रहे थे। चश्मदीदों का कहना है कि लूप लाइन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी, जिसकी वजह से उन्हें सामने से आ रही अमृत भारत एक्सप्रेस दिखाई नहीं दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों लोग करीब 50 मीटर दूर जा गिरे और उनकी तुरंत मौत हो गई। इस टक्कर से रेलवे की लूप लाइन का एक मेटल पैनल बॉक्स भी क्षतिग्रस्त हो गया।
राजू के पीछे छूट गया दो साल का मासूम
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। मृतक राजू अपने पीछे पत्नी नेहा और दो साल का बेटा कन्हैया छोड़ गए हैं। घटना के बाद अमृत भारत एक्सप्रेस को करीब सात मिनट तक बाहरी सिग्नल पर रोकना पड़ा।
सूचना मिलते ही आरपीएफ कांस्टेबल सतेन्द्र, जीआरपी फफूँद, स्टेशन मास्टर और रेलवे की सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ के जवानों ने शवों को पटरियों से हटाकर कब्जे में लिया, जबकि तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त पैनल बॉक्स की मरम्मत शुरू की। जीआरपी के अधिकारी अब औपचारिक पहचान की प्रक्रिया को पूरा कर रहे हैं।