अंकिता भंडारी केस: निजी चैट लीक करने पर पुलकित आर्य के पिता और वकील के खिलाफ Zero FIR दर्ज
अंकिता भंडारी की निजी चैट लीक करने के आरोप में पुलकित आर्य के पिता और उनके वकील के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है।

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है। मृतका की निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक करने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर (Zero FIR) दर्ज की है। यह कार्रवाई अंकिता की मां सोनी देवी द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के बाद की गई है।
पूरा मामला हरिद्वार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ा है, जहां विनोद आर्य ने अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए अंकिता और उसके एक परिचित के बीच हुई कथित चैट के 4,000 से ज्यादा पन्ने सार्वजनिक कर दिए। अंकिता की मां ने इस कदम को अपनी बेटी की छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
देहरादून के राजपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज इस मामले में आईटी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66C और 66D के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356(2) और 79 के तहत केस दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि 19 वर्षीय अंकिता ऋषिकेश के वनंतरा रिसॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। सितंबर 2022 में वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी और छह दिन बाद उसका शव चिल्ला नहर से बरामद हुआ था। इस मामले में अदालत ने पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पुलकित ने अंकिता पर ग्राहकों को यौन सुविधा उपलब्ध कराने का दबाव बनाया था, जिसे उसने ठुकरा दिया था।
अंकिता की मौत के बाद पूरे उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए थे। परिवार का आरोप है कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली 'वीआईपी' लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिसके चलते राज्य सरकार ने जनवरी 2026 में सीबीआई (CBI) जांच की सिफारिश की थी। फिलहाल, परिवार का संघर्ष अपनी बेटी को न्याय दिलाने और उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए जारी है।