नीलम ड्रम मर्डर केस: दोषी की बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाएंगी कवयित्री अनामिका जैन अंबर
कवयित्री डॉ. अनामिका जैन अंबर ने नीलम ड्रम मर्डर केस की दोषी मुस्कान की बेटी की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का फैसला किया है।

मेरठ के चर्चित नीलम ड्रम मर्डर केस में सजा काट रही दोषी मुस्कान की मासूम बेटी के भविष्य को लेकर एक मानवीय पहल सामने आई है। मशहूर कवयित्री डॉ. अनामिका जैन अंबर ने इस बच्ची के भविष्य को संवारने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने घोषणा की है कि वह बच्ची की पूरी शिक्षा का खर्च उठाएंगी और उन्हें अपने स्कूल में मुफ्त शिक्षा प्रदान करेंगी, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके।
यह भावुक कर देने वाला फैसला जैनचार्य सौरभ सागर जी महाराज की 56वीं जयंती के अवसर पर लिया गया। इस मौके पर कवयित्री जोड़ी सौरभ जैन सुमन और डॉ. अनामिका जैन अंबर मेरठ जिला जेल पहुंची थीं, जहां उन्होंने कैदियों के बीच फलों का वितरण किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात मुस्कान से हुई, जो इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की दोषी है और फिलहाल जेल में बंद है।
बच्ची के भविष्य के लिए मौत की सजा टालने की अपील
जेल में बातचीत के दौरान मुस्कान अपनी छोटी बेटी के भविष्य को लेकर काफी भावुक हो गई। अपनी संतान की चिंता देख डॉ. अनामिका का दिल पसीज गया। उनका मानना है कि भले ही माँ ने अपराध किया हो, लेकिन मासूम बच्ची का कोई दोष नहीं है और शिक्षा ही वह एकमात्र रास्ता है जिससे वह जीवन में सम्मान के साथ जी सकेगी।
इतना ही नहीं, डॉ. अनामिका जैन अंबर ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से एक विशेष अपील भी की है। उन्होंने आग्रह किया है कि मुस्कान की मौत की सजा पर तब तक रोक लगाई जाए, जब तक कि उसकी बेटी पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी न हो जाए। कवयित्री का तर्क है कि बच्ची को अपनी माँ के सहारे और सही मार्गदर्शन की जरूरत है ताकि वह समाज की मुख्यधारा से जुड़ सके।