अमेठी: सूरत में शुरू हुआ विवाद गांव में हुआ खत्म, लाठी-डंडों से पीटकर युवक की बेरहमी से हत्या

गुजरात के सूरत में शुरू हुआ विवाद अमेठी में मौत में बदला। लाठी-डंडों से पीटकर युवक की हत्या, 4 आरोपियों पर केस दर्ज।

Sushant Singh13 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
अमेठी: सूरत में शुरू हुआ विवाद गांव में हुआ खत्म, लाठी-डंडों से पीटकर युवक की बेरहमी से हत्या

गुजरात के सूरत शहर में काम करने वाले दो युवकों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। अमेठी जिले में हुए इस सनसनीखेज वारदात में 35 वर्षीय मोहम्मद मेराज की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह पूरा मामला आपसी रंजिश और पुरानी तकरार का है, जिसका अंजाम लखनऊ के ट्रामा सेंटर में मौत के रूप में निकला।

जानकारी के मुताबिक, इन्हौना थाना क्षेत्र के पूरे चौधराइन मजरे आजादपुर का रहने वाला मोहम्मद मेराज अपने ही गांव के मोहम्मद इमरान के साथ सूरत में काम करता था। वहां काम के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। मंगलवार को दोनों अपने गांव लौटे, लेकिन मनमुटाव खत्म नहीं हुआ। आरोप है कि बुधवार की सुबह जब मेराज घर पर अकेला था, तभी मोहम्मद इमरान अपने तीन साथियों शहनूर, सबनूर और इसरार के साथ वहां पहुंचा और उन सबने मिलकर मेराज पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, गांव में तनाव

हमला इतना भीषण था कि मेराज गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

इस मामले में क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश मिश्र ने बताया कि पीड़ित पिता इस्लाम की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है ताकि मामले का जल्द निपटारा हो सके।

Share:

Comments

Leave a comment