कानपुर में अमेठी के युवक की संदिग्ध मौत, प्रेम प्रसंग में विवाद की आशंका

कानपुर में एक किराए के कमरे में अमेठी के 25 वर्षीय युवक का शव मिला। परिजनों ने प्रेम प्रसंग और विवाद का आरोप लगाया है।

Sushant Singh4 November 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
कानपुर में अमेठी के युवक की संदिग्ध मौत, प्रेम प्रसंग में विवाद की आशंका

कानपुर के सेन पश्चिम पारा इलाके में एक किराए के कमरे में अमेठी के रहने वाले 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमेठी के मुंशीगंज क्षेत्र के उसरापुर गांव के निवासी विशाल पांडे के रूप में हुई है। मंगलवार को विशाल का शव उसके कमरे में छत के पंखे से लटका हुआ पाया गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, विशाल पिछले पांच सालों से कानपुर में रह रहा था और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों का आरोप है कि वह अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ पिछले चार साल से रिलेशनशिप में था, लेकिन करीब एक महीने पहले उस महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया था।

रिश्ते में खटास और मानसिक तनाव की बात

विशाल के पिता विनोद कुमार पांडे ने बताया कि बातचीत बंद होने के बाद उनका बेटा काफी परेशान रहने लगा था। वह उस महिला से मिलकर मामले को सुलझाना चाहता था और इसके लिए उसने कई कोशिशें भी कीं, लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली। बताया जा रहा है कि मौत वाले दिन भी उसने महिला से मिलने की कोशिश की थी।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार शाम को विशाल के दोस्त और पड़ोसी अर्पित यादव ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब अर्पित उसके कमरे पर गया और दरवाजा खटखटाया, तब भी अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया और दरवाजा खोलने पर विशाल का शव लटका मिला।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की सूचना के बाद विशाल के पिता और छोटा भाई सौरभ कानपुर पहुंचे और बुधवार देर शाम शव को लेकर अपने गांव उसरापुर लौटे। युवक की मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत की असल वजह साफ हो सके।

Share:

Comments

Leave a comment