अमेठी: परिवार गया वैष्णो देवी दर्शन, पीछे से चोरों ने घर खंगालकर नकदी और जेवर उड़ाए

Sushant Singh20 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
अमेठी: परिवार गया वैष्णो देवी दर्शन, पीछे से चोरों ने घर खंगालकर नकदी और जेवर उड़ाए

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ संग्रामपुर थाना क्षेत्र के नैन्हा (नैन्हा बरतली) गांव में उस वक्त चोरों ने धावा बोला, जब परिवार के मुख्य सदस्य माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू गए हुए थे। चोरों ने घर के अंदर घुसकर अलमारी और ट्रंक के ताले तोड़ दिए और बड़ी मात्रा में नकदी समेत सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित राम नरेश मौर्य अपने परिवार के साथ 8 अक्टूबर को कटरा, जम्मू के लिए रवाना हुए थे। घर पर उनकी माता और छोटा भाई शिवनरेश अपने परिवार के साथ मौजूद थे। इसी बीच 10 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोरों ने रसोई घर की खिड़की की जाली हटाकर घर में प्रवेश किया और बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी व धातु के ट्रंक के ताले तोड़कर उनमें रखा सारा सामान साफ कर दिया।

लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ

चोरी हुए सामान की सूची काफी लंबी है। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, चोरों ने 25,000 रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चुराए हैं। सोने के सामान में छह अंगूठियां, दो चेन, एक मंगलसूत्र, झुमके, नथिया, लौंग, बिंदी और एक लॉकेट शामिल है। वहीं, चांदी के गहनों में पायल, बिछिया, अंगूठियां, कंगन, कमरबंद और करधनी जैसी चीजें गायब हैं।

इस घटना का पता तब चला जब अगली सुबह शिवनरेश की नींद खुली और उन्होंने घर का सामान बिखरा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जम्मू गए राम नरेश को दी। तीर्थयात्रा से लौटने के बाद राम नरेश ने जब घर की जांच की, तो पाया कि अलमारी और ट्रंक के ताले टूटे हुए थे और कीमती सामान गायब था।

घटना के बाद पीड़ित ने संग्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Share:

Comments

Leave a comment