अमेठी: रामगंज मेले की तैयारियां तेज, आयोजन समिति ने प्रशासन को सौंपा 13 सूत्रीय मांग पत्र

अमेठी के ऐतिहासिक और पारंपरिक अमेठी रामगंज मेला को लेकर हलचल तेज हो गई है। 1 और 2 नवंबर को आयोजित होने वाले इस भव्य मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मेला प्रबंधन समिति ने कमर कस ली है। समिति के अध्यक्ष दीपक अग्रहरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (SDM) पंकज मिश्रा से मुलाकात की और मेले के सफल संचालन के लिए 13 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
समिति का मानना है कि इस मेले में भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम होना बेहद जरूरी है। मांग पत्र में मुख्य रूप से मेला क्षेत्र की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की मांग की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर
मेले के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समिति ने अग्नि सुरक्षा उपायों और मेडिकल सुविधाओं की मांग की है। मांग पत्र में विशेष रूप से एम्बुलेंस की तैनाती और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रोटोकॉल लागू करने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा, रावण दहन स्थल पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने की बात कही गई है ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
सफाई व्यवस्था को लेकर समिति ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मेले से एक सप्ताह पहले विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए और मेला खत्म होने के तीन दिन बाद तक सफाई कार्य जारी रहे। साथ ही, दोनों रातों को होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की गई है।
दीपक अग्रहरी ने कहा कि रामगंज मेला इस क्षेत्र की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान है। बड़ी संख्या में आने वाले भक्तों और दर्शकों की सुविधा के लिए बुनियादी सुविधाओं का होना अनिवार्य है। इस अवसर पर संजय जायसवाल, रमेश साहू, प्रदीप, अरविंद साहू, कुलदीप विश्वकर्मा, रामकरण, ओमप्रकाश कुमार और आशुतोष तिवारी सहित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल और युवा व्यापार मंडल के सदस्य मौजूद रहे। समिति ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक करने का भी आग्रह किया है।