अमेठी: प्रसव के बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही के कारण एक 26 वर्षीय महिला की जान चली गई। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के टिकरी गांव की रहने वाली अवधेश कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर इन्हौना कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन खुशियां मातम में बदल गईं।
पीड़ित महिला के पति राजकुमार के मुताबिक, शनिवार को उन्होंने अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया था। रात के समय अस्पताल स्टाफ ने उन्हें बेटे के जन्म की सूचना दी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन यह खुशी चंद घंटों की ही निकली। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के कुछ ही समय बाद उन्हें बताया गया कि महिला की हालत बिगड़ गई है। आनन-फानन में उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई
महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का सीधा आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने इलाज में घोर लापरवाही बरती, जिसके कारण अवधेश की जान गई। इस मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस स्टेशन में अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इस घटना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सर्कल ऑफिसर (CO) दिनेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अंशुमान सिंह ने कहा कि उन्हें अभी इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है, लेकिन जैसे ही औपचारिक शिकायत प्राप्त होगी, एक जांच टीम गठित की जाएगी और नियमों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जहां एक तरफ नवजात बेटे का जन्म हुआ है, तो दूसरी तरफ मां का साया सिर से उठ गया है।