अमेठी: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी वकील उर्फ सेनापति ढेर, पैर में लगी गोली

अमेठी पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत मुठभेड़ के बाद 32 मामलों के आरोपी वकील उर्फ सेनापति को गिरफ्तार किया है।

Sushant Singh3 November 20261 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
अमेठी: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी वकील उर्फ सेनापति ढेर, पैर में लगी गोली

अमेठी जिले की पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा रामपुर गांव के पास देर रात हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने इलाके के खूंखार अपराधी वकील उर्फ सेनापति को गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस ने घायल अपराधी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके भाई चंद को भी हिरासत में लिया है। पुलिस को मौके से एक अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए हैं।

32 गंभीर मामलों में था वांछित

पकड़ा गया आरोपी वकील उर्फ सेनापति अयोध्या जिले के कुमारगंज थाना क्षेत्र के इताउजा गांव का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह बेहद शातिर अपराधी है और उस पर अमेठी, अयोध्या और लखनऊ समेत कई जिलों में चोरी और लूट जैसे 32 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले इलाके के चार घरों में हुई चोरियों के संबंध में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर स्वाट टीम, बाजार शुक्ल पुलिस और इन्हौना पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने संदिग्धों को घेरा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में सेनापति घायल हुआ।

पुलिस अब बरामद किए गए जेवरों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये किस चोरी की वारदात से जुड़े हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment