अमेठी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक को लगी गोली, तीन गिरफ्तार
अमेठी के गौरीगंज में गौकत्तल की साजिश रच रहे आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ और तीन अन्य गिरफ्तार किए गए।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई एक मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया है। यह पूरी घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली रोड स्थित काजीपट्टी गांव के पास गुरुवार शाम को घटित हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौकत्तल की साजिश रच रहे हैं, जिसके बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही गौरीगंज पुलिस टीम संदिग्धों को पकड़ने के लिए आगे बढ़ी, आरोपियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में तसव्वुर उर्फ छोटू नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से गौकत्तल के उपकरण बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुम्मन (पुत्र सिद्दीक), वाजिद (पुत्र वली मोहम्मद) और आरिफ (पुत्र शरीफ) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी गौरीगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने घटनास्थल से एक गाय और गौकत्तल में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।