अमेठी: 10 लाख की स्मैक के साथ शातिर लुटेरा गिरफ्तार, पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' से दबोचा
अमेठी की गौरीगंज पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत शातिर लुटेरे टाइगर को गिरफ्तार कर 10 लाख की स्मैक और चोरी की बाइक बरामद की है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। गौरीगंज कोतवाली पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतरजिला लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की 300 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा उसके पास से 1,200 रुपये नकद, एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल और लूट के दौरान छीना गया एक बैग व पीड़ित का आधार कार्ड भी मिला है।
बैंकों के बाहर करता था रेकी, फिर मारता था हाथ
पकड़ा गया आरोपी सुल्तानपुर जिले के गोसाईंगंज इलाके का रहने वाला 42 वर्षीय कृष्ण कुमार निषाद उर्फ 'टाइगर' है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, टाइगर एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बस्ती और अयोध्या जैसे जिलों के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे करीब 20 गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में 25 नवंबर की रात को संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार संदिग्ध को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक और नकदी मिली। जब पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया और जांच में पता चला कि बाइक की नंबर प्लेट फर्जी थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अपराध करने के तरीके का खुलासा किया। उसने बताया कि वह अक्सर बैंकों के बाहर घूमकर उन लोगों की रेकी करता था जो बड़ी रकम निकाल रहे होते थे। मौका मिलते ही वह उनका बैग छीनकर बाइक से फरार हो जाता था। उसने स्वीकार किया कि करीब दो महीने पहले कौहर में बैंक ऑफ इंडिया के पास उसने एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये वाला काला बैग छीना था। बाद में मुसाफिरखाना रोड पर उसने पैसे निकालकर बैग झाड़ियों में फेंक दिया था।
टाइगर ने यह भी बताया कि वह वारदात के बाद इस्तेमाल की गई बाइक को छोड़ देता था और फिर कोई दूसरी बाइक चुरा लेता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से पीड़ित का बैग और आधार कार्ड बरामद कर लिया है। गौरीगंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में एसएचओ रवि कुमार सिंह और फील्ड यूनिट की टीम शामिल रही।