अमेठी: 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नीचे पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
अमेठी के कनू गांव में एक युवक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया, मौके पर पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल। पुलिस बचाव कार्य में जुटी।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार सुबह एक युवक अचानक करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। टावर पर चढ़े युवक की पहचान पूरे पहाड़ पुन्नपुर निवासी अजीत के रूप में हुई है।
जैसे ही अजीत टावर की ऊंचाई पर पहुंचा, नीचे खड़ा उसका परिवार टूट गया। उसकी पत्नी रीता अपने दो मासूम बच्चों के साथ टावर के नीचे खड़ी होकर चीख-चीख कर अपने पति को नीचे बुला रही थी। वहीं, बेटे की हालत देख मां मालती का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्य और ग्रामीण लगातार अजीत से गुहार लगा रहे थे कि वह सुरक्षित नीचे उतर आए।
बचाव कार्य में जुटी पुलिस और रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने निजी बचाव टीमों (प्राइवेट रेस्क्यू टीम) को भी बुलाया है ताकि अजीत को बिना किसी चोट के सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। पुलिस अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर रहे हैं और उसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अजीत किन परिस्थितियों में या किस वजह से टावर पर चढ़ा। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस का पूरा ध्यान फिलहाल युवक की जान बचाने पर है।