अमेठी: शादी का झांसा देकर महिला से 3 साल तक दुष्कर्म, पुलिस ने दर्ज किया केस

Shubham Singh16 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर शादी का वादा कर महिला का तीन साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। आरोपी ने न केवल महिला को शादी के सपने दिखाए, बल्कि अंत में परिवार का हवाला देकर उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

जानकारी के मुताबिक, भेतुआ इलाके के एक गांव की रहने वाली करीब 35 वर्षीय महिला की मुलाकात गंगागंज निवासी अमन सरोज से हुई थी। महिला अपने पति से अलग रह रही थी, इसी दौरान उसकी जान-पहचान अमन से हुई। आरोप है कि अमन ने महिला को शादी का प्रलोभन दिया और विश्वास जीतने के लिए उसे अपने परिवार से भी मिलवाया।

सिंदूर लगाकर किया धोखा, फिर मुकरा आरोपी

पीड़िता का आरोप है कि शादी के भरोसे अमन ने पिछले तीन सालों तक अलग-अलग जगहों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने बार-बार शादी करने और उसे अपने घर ले जाने का दबाव बनाया, तो आरोपी उसे कालिका धाम ले गया। वहां उसने महिला की मांग में सिंदूर भर दिया और दावा किया कि यह उनकी शादी की रस्म है। लेकिन इसके तुरंत बाद अमन ने उसे वापस उसके घर भेज दिया।

कुछ समय बीतने के बाद जब महिला ने दोबारा शादी की बात की, तो आरोपी ने अपने परिवार के विरोध का बहाना बनाकर शादी करने से मना कर दिया। ठगा हुआ महसूस कर महिला ने कोतवाली अमेठी में शिकायत दर्ज कराई कि उसके साथ विश्वासघात हुआ है और उसे केवल शारीरिक सुख के लिए इस्तेमाल किया गया।

कोतवाली अमेठी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी अमन सरोज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) शिवकांत त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment