अमेठी: तिलक समारोह के बीच BSF जवान गिरफ्तार, प्रेमिका ने लगाया शादी का झांसा देने का आरोप
अमेठी में शादी की खुशियों के बीच पुलिस ने एक BSF जवान को गिरफ्तार किया। प्रेमिका ने शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक शादी की खुशियां उस वक्त मातम और हंगामे में बदल गईं, जब तिलक समारोह के दिन पुलिस ने दूल्हे को ही गिरफ्तार कर लिया। जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में जहां एक तरफ घर में मेहमानों का जमावड़ा था और जश्न की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर पुलिस की टीम ने पहुंचकर बीएसएफ (BSF) के जवान को हिरासत में ले लिया।
घटना जगदीशपुर कस्बे की है, जहां बृजेश कुमार चौरसिया नामक युवक का 25 नवंबर को तिलक कार्यक्रम होना था। उसकी शादी करीब छह महीने पहले तिलोई क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। लेकिन जैसे ही तिलक की घड़ी करीब आई, एक युवती अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची और बृजेश के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
ऑनलाइन कंपनी में हुआ था प्यार, नौकरी मिलते ही किया किनारा
युवती का आरोप है कि वह और बृजेश पहले एक ऑनलाइन प्रोडक्ट कंपनी में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। पीड़िता के मुताबिक, बृजेश ने उसे शादी का झांसा दिया और इसी भरोसे उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि करीब दो साल पहले जब बृजेश का चयन बीएसएफ में हो गया और उसकी नौकरी लग गई, तो उसने युवती से दूरी बना ली और दूसरी जगह अपनी शादी तय कर ली।
युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। आरोपी जवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बिना समय गंवाए 25 नवंबर को तिलक समारोह से ठीक पहले बृजेश कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने पुष्टि की है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।