अमेठी में BJP को बड़ा झटका, पूर्व उपाध्यक्ष के समर्थन में 5 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा
अमेठी में पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के समर्थन में 5 भाजपा पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा देकर पार्टी को बड़ा झटका दिया है।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में भारतीय जनता पार्टी के भीतर मचे घमासान ने अब तूल पकड़ लिया है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद अब उनके समर्थन में अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बगावत कर दी है। बुधवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब ओबीसी मोर्चा भादर के मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप मौर्य के नेतृत्व में पांच पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता समेत अपने सभी पदों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया।
सम्मान और निष्ठा के लिए छोड़ा साथ
जिला अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा को भेजे गए त्यागपत्र में मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप मौर्य ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह से पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के समर्थन में उठाया गया है। इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया, लेकिन अब उनके लिए पद से ज्यादा सम्मान और स्वाभिमान मायने रखता है।
कार्यकर्ताओं ने अपने पत्र में जोर देकर कहा कि यह सामूहिक इस्तीफा किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या लालच के कारण नहीं, बल्कि अपने नेता के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं की भावनाओं के सम्मान में लिया गया फैसला है।
सामूहिक रूप से इस्तीफा देने वालों की सूची में ये नाम शामिल हैं:
- सुरेंद्र प्रताप मौर्य (मंडल अध्यक्ष)
- रवीन्द्र कुमार विश्वकर्मा
- सुरेंद्र यादव
- दूधनाथ
- बृजलाल
बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत 24 नवंबर को हुई थी, जब पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने अपने सभी संगठनात्मक दायित्वों और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अब उनके समर्थन में एक के बाद एक पदाधिकारियों के बाहर निकलने से अमेठी में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे और आंतरिक कलह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।