अम्बेडकरनगर: आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त ऑपरेशन का भरोसा, OT में ले जाने के बाद डॉक्टरों ने खड़े किए हाथ
अम्बेडकरनगर के अर्नव हॉस्पिटल में आयुष्मान कार्ड पर मुफ्त ऑपरेशन का वादा कर मरीज का चीरा लगाया गया, फिर डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए।

उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले से चिकित्सा जगत की एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मरीजों और उनके परिजनों के भरोसे को झकझोर कर रख दिया है। यहाँ के पहितीपुर स्थित अर्नव हॉस्पिटल पर एक महिला मरीज के इलाज में गंभीर लापरवाही और अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। मामला तब बिगड़ा जब आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त ऑपरेशन का वादा करने वाले डॉक्टरों ने मरीज को ऑपरेशन थिएटर (OT) में ले जाने के बाद अपनी असमर्थता जता दी।
पूरा मामला अमन प्रताप सिंह की मां माधुरी सिंह से जुड़ा है, जो बच्चेदानी में गांठ की समस्या से जूझ रही थीं। अमन अपनी मां को इलाज के लिए अर्नव हॉस्पिटल ले गए थे, जहाँ अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आयुष्मान कार्ड के जरिए बिना किसी खर्च के ऑपरेशन कर दिया जाएगा। इसी आश्वासन पर परिजनों ने अपनी मां को वहां भर्ती कराया।
चीरा लगाकर टांके लगाए और फिर मांगे पैसे
परिजनों का आरोप है कि रात करीब 10 बजे जब उन्हें बताया गया कि आयुष्मान कार्ड का अप्रूवल मिल गया है और लखनऊ से डॉक्टर आ चुके हैं, तो माधुरी सिंह को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। करीब डेढ़ घंटे तक परिजन बाहर इंतजार करते रहे, लेकिन जब डॉक्टर बाहर आए तो उन्होंने बताया कि बच्चेदानी और लिवर आपस में चिपके हुए हैं, जिस कारण यहाँ ऑपरेशन करना संभव नहीं है। डॉक्टरों ने मरीज को तुरंत लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
हैरानी की बात यह है कि परिजनों का दावा है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन के नाम पर मरीज के शरीर पर चीरा तो लगा दिया, लेकिन सर्जरी पूरी किए बिना ही दोबारा टांके लगा दिए। इतना ही नहीं, जब परिजन मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात करने लगे, तो कथित तौर पर उनसे 20 से 25 हजार रुपये की मांग की गई। अब लखनऊ में इलाज के लिए उन्हें करीब 1.20 लाख रुपये का खर्च बताया जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। दूसरी ओर, अस्पताल की संचालक संगीता सिंह ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है और कहा है कि माधुरी सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है।