अलीगढ़: अनाज व्यापारी को पीटा, 14 लाख कैश और बाइक लेकर फरार हुए नकाबपोश

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार रात शहर के एक अनाज व्यापारी को पांच नकाबपोश हमलावरों ने अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल व्यापारी के साथ मारपीट की, बल्कि उनके पास मौजूद 14 लाख रुपये की मोटी रकम और मोटरसाइकिल भी लूट ली। यह पूरी वारदात बाइकलन गांव के पास अंजाम दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पीड़ित महेश कुमार, जो छर्रा गल्ला मंडी में 'विपिन एंड संस ट्रेडिंग कंपनी' चलाते हैं, अपनी बाइक से अपने गांव परौरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे पांच नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने पहले महेश कुमार के साथ मारपीट की और फिर जबरन उनका बैग छीन लिया, जिसमें 14 लाख रुपये नकद थे। इसके बाद बदमाश उनकी मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।
बेटे ने पीछा किया, लेकिन हाथ नहीं आए लुटेरे
हमले के बाद महेश कुमार ने तुरंत अपने बेटे सनी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सनी ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा किया और करीब एक किलोमीटर तक उनके पीछे भागा, लेकिन सड़क के एक मोड़ पर गिरने की वजह से वह बदमाशों को पकड़ने में नाकाम रहा और लुटेरे ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसपी रूरल मनीष कुमार मिश्रा, सीओ गविंत सिंह, छर्रा एसएचओ सुशील कुमार योगी और बरला एसएचओ सरिता सिंह समेत एसओजी (SOG) की टीम मौके पर पहुंची। एसपी रूरल मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।