अलीगढ़: नकल के लिए पैसे नहीं दिए तो छात्र को लाठियों से पीटा, यूनिवर्सिटी ने बदला एग्जाम सेंटर
अलीगढ़ के DPS डिग्री कॉलेज में नकल के पैसे न देने पर एक छात्र को लाठियों से पीटा गया। यूनिवर्सिटी ने जांच कमेटी गठित कर सेंटर बदले।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां परीक्षा देने आए एक छात्र को बेरहमी से पीटा गया। घटना इगलास स्थित DPS डिग्री कॉलेज की है, जहां कथित तौर पर नकल कराने के बदले पैसों की मांग की गई थी। जब छात्र ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसके साथ मारपीट की गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
पीड़ित छात्र की पहचान कुणाल के रूप में हुई है, जो हाथरस के मुरसान स्थित निष्ठा चौधरी महाविद्यालय में बी.ए. प्रथम वर्ष का छात्र है। कुणाल अपनी परीक्षा देने के लिए DPS डिग्री कॉलेज सेंटर पर पहुंचा था। आरोप है कि परीक्षा की पहली शिफ्ट के दौरान उससे नकल के लिए पैसों की मांग की गई। जब उसने इस मांग को मानने से मना कर दिया, तो कॉलेज परिसर के बाहर उसे लाठियों और डंडों से बुरी तरह पीटा गया। इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अभद्र गालियां भी दी गईं।
यूनिवर्सिटी की सख्त कार्रवाई और जांच शुरू
मामला तूल पकड़ते ही राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया। कुलपति के आदेश पर 24 नवंबर 2026 को तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। यह कमेटी वायरल वीडियो, मीडिया रिपोर्ट्स और कोतवाली इगलास थाने में दर्ज एफआईआर की बारीकी से जांच करेगी।
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी में यूनिवर्सिटी ने DPS डिग्री कॉलेज, इगलास से संबद्ध चार कॉलेजों के परीक्षा केंद्रों को तुरंत प्रभाव से बदल दिया है। अब इन संस्थानों के छात्र सत्र 2026-27 की ऑड सेमेस्टर परीक्षाएं नए निर्धारित केंद्रों पर देंगे।