अलीगढ़: हॉर्न पर विवाद के बाद ऑडी कार से बाइक सवार को कुचला, एक की मौत
अलीगढ़ में हॉर्न को लेकर हुए विवाद के बाद ऑडी कार से बाइक सवार को जानबूझकर कुचलने का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। आरोप है कि एक सफेद रंग की ऑडी कार ने जानबूझकर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से आरोपी ड्राइवर फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
यह पूरी घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की है, जब बन्नादेवी थाना क्षेत्र के सरसौल चौराहे के पास यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल पर सवार 40 वर्षीय हलवाई मनोज कुमार और उनके साथ कन्हैया जा रहे थे। इसी दौरान उनके बीच ऑडी कार सवारों के साथ हॉर्न को लेकर कहासुनी हो गई। घायल कन्हैया का आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि उत्तराखंड नंबर की उस लग्जरी कार ने जानबूझकर उनकी बाइक को निशाना बनाया। इस जोरदार टक्कर में मनोज कुमार की जान चली गई, जबकि कन्हैया चोटिल हो गए।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष की कार से जुड़ा मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मृतक के चाचा छोटेलाल की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और धारा 109 (हत्या का प्रयास) समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। जांच में पता चला है कि जिस ऑडी कार का इस्तेमाल इस वारदात में हुआ, वह अलीगढ़ के रघुवीर पुरी निवासी और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवराज सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है।
अलीगढ़ के सिटी एसपी आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस ने उक्त वाहन को जब्त कर लिया है और उसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। वारदात के सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। पुलिस के मुताबिक, कार चलाने वाला व्यक्ति देवराज सिंह का भतीजा है, जिसकी पहचान कर ली गई है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।