अखिलेश यादव का रामपुर दौरा: जेल में आजम खान से मिलेंगे सपा प्रमुख, पूरा शेड्यूल जारी

Sushant Singh21 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
अखिलेश यादव का रामपुर दौरा: जेल में आजम खान से मिलेंगे सपा प्रमुख, पूरा शेड्यूल जारी

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रामपुर दौरा करने जा रहे हैं। 22 अक्टूबर को होने वाले इस दौरे को लेकर सियासी गलियारों में काफी चर्चा है, क्योंकि करीब 350 दिनों के लंबे इंतजार के बाद अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर आमने-सामने होंगे। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात 7 नवंबर 2025 को लखनऊ में हुई थी।

अखिलेश यादव के इस दौरे का समय और रास्ता पूरी तरह तय कर लिया गया है। वे सुबह 11:00 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से रवाना होंगे और 11:45 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए रामपुर के जौहर यूनिवर्सिटी हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां उनके लैंड करने का समय दोपहर 12:20 बजे तय किया गया है।

जेल में मुलाकात और पारिवारिक भेंट

रामपुर पहुंचते ही अखिलेश यादव सीधे जिला जेल जाएंगे। दोपहर 12:45 बजे वे आजम खान से मुलाकात करेंगे, जिसके लिए करीब 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। जेल से निकलने के बाद, दोपहर 1:45 बजे वे जेल रोड स्थित आजम खान के निवास पर जाएंगे। यहां वे डॉ. तजीन फातिमा और अदीब खान से मुलाकात करेंगे। दोपहर 2:30 बजे निवास से प्रस्थान कर वे 2:45 बजे जौहर यूनिवर्सिटी हेलीपैड के रास्ते वापस बरेली के लिए रवाना हो जाएंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत करने और मुस्लिम वोट बैंक को एकजुट रखने के लिए यह दौरा बेहद अहम है, खासकर तब जब क्षेत्र में AIMIM की सक्रियता बढ़ी है। सपा जिला अध्यक्ष अजय सागर ने इस दौरे की पुष्टि की है।

सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एडिशनल एसपी अनुराग सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। सपा केंद्रीय कार्यालय के निर्देशों के अनुसार, अखिलेश यादव को बुलेटप्रूफ गाड़ियां, जैमर और पुलिस एस्कॉर्ट मुहैया कराया जाएगा। आपातकालीन प्रोटोकॉल के तहत उनके ब्लड ग्रुप (B-पॉजिटिव) की जानकारी भी प्रशासन को दे दी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment