जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने पर अखिलेश यादव का तंज, कहा- अपनी कुर्सी जाने वाली है इसलिए नाम बदल रहे

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने नोएडा स्थित जेवर एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने के फैसले पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। देवरिया जिले के रक्षा गांव में पूर्व सपा विधायक सुरेश यादव की शोक सभा में पहुंचे अखिलेश यादव ने इस कदम को केवल एक दिखावा करार दिया। उन्होंने सीधा हमला करते हुए कहा कि जब लोगों को लगता है कि उनकी कुर्सी छिनने वाली है, तो वे अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए दूसरों के नाम पर चीजें नाम करने लगते हैं।
अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री नाम बदलने के लिए जाने जाते हैं। सपा प्रमुख के मुताबिक, "ये लोग प्रधानमंत्री के नाम पर चीजों का नाम रख रहे हैं क्योंकि उनकी अपनी कुर्सी अब जाने वाली है। जो लोग जा रहे होते हैं, वे चाहते हैं कि किसी और का नाम रखकर एक निशान छोड़ जाएं, ताकि यह लगे कि डबल इंजन सरकार ने बहुत बड़ा काम किया है।"
'जनता के लिए कोई काम नहीं'
सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार के पास आम जनता के लिए कोई वास्तविक काम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नाम बदलने की राजनीति के जरिए यादें छोड़ने की कोशिश की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता के हितों की अनदेखी हो रही है।
बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पारित कर गौतम बुद्ध नगर स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' रखने का निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस फैसले की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को 'कर्मयोगी' बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास और आत्मविश्वास के नए आयाम छुए हैं। सरकार ने यह फैसला प्रधानमंत्री द्वारा सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे करने के सम्मान में लिया है।