अखिलेश यादव का बलिया और देवरिया दौरा कल, राम गोविंद चौधरी को देंगे श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बलिया दौरा के जरिए अपने दिवंगत वरिष्ठ नेताओं को श्रद्धांजलि देंगे। 9 अक्टूबर को अखिलेश यादव बलिया और देवरिया का दौरा करेंगे, जहां वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी और पूर्व विधायक सुरेश यादव के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश यादव सुबह 10 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होकर 11 बजे आजमगढ़ पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे बलिया के लिए निकलेंगे। दोपहर 1 बजे वे सिकंदरपुर के चेतन किशोर मैदान स्थित हेलीपैड से कार द्वारा गोसाईपुर गांव पहुंचेंगे। यहां वे समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता रहे स्वर्गीय राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे।
समाजवादी आंदोलन के स्तंभ थे राम गोविंद चौधरी
राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के एक प्रमुख चेहरे थे, जिन्होंने जयप्रकाश नारायण और राम मनोहर लोहिया की परंपराओं को आगे बढ़ाया। वे आठ बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। 1977 से 1992 तक उन्होंने बलिया की चिल्काहर सीट का प्रतिनिधित्व किया और बाद में 2002 में बंसडीह से सपा विधायक चुने गए। साल 2017 से 2022 तक उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाई। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे और 26 सितंबर को लखनऊ के एसजीपीजीआईएमएस में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
बलिया के कार्यक्रम के बाद, अखिलेश यादव दोपहर 2:15 बजे निजी हेलीकॉप्टर से देवरिया के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:45 बजे वे देवरिया के लअर थाना क्षेत्र स्थित रक्षसा गांव के दर्शन इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां वे पूर्व विधायक और पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश यादव को श्रद्धांजलि देंगे और उनके शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाएंगे।