'डबल इंजन में डबल भ्रष्टाचार', आगरा में अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
आगरा में दलित महासम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर संविधान कमजोर करने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। आगरा में आयोजित 'पीडीए दलित महासम्मेलन' के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर संविधान को कमजोर करने और दलित व पिछड़े समुदायों के अधिकारों को छीनने का आरोप लगाया। इस दौरान अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के चर्चित 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले में एक नया बदलाव कर सबको चौंका दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि अब तक PDA में 'D' का मतलब 'दलित' था, लेकिन आगरा की रैली में जिस तरह का जनसमर्थन मिला है, उसे देखते हुए अब 'D' का मतलब 'दमदार दलित' होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पीडीए की ताकत को कम करने की कोशिश कर रही है, इसलिए उन्होंने इसकी परिभाषा बदल दी है। सपा प्रमुख ने जोर देकर कहा कि जब वोट बचेगा, तभी संविधान बचेगा और जब संविधान बचेगा, तभी लोगों की गरिमा सुरक्षित रहेगी।
शिक्षा और भ्रष्टाचार पर उठाए गंभीर सवाल
सरकार के कामकाज पर प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जिससे गरीब और पिछड़े वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। उन्होंने पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि 20 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और इसके पीछे सरकार के भीतर के लोग ही शामिल हैं।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने 'डबल इंजन' सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में डबल इंजन की सरकार ने लूट को भी डबल कर दिया है। चाहे तहसील हो या पुलिस थाना, हर विभाग में 'डबल भ्रष्टाचार' और 'डबल लूट' मची हुई है। उन्होंने कहा कि 2024 के बाद से पीडीए की बढ़ती ताकत को देखकर भाजपा घबरा गई है।
संविधान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान ने ही सबको समान अवसर और रोजगार दिए, लेकिन आज वही संविधान खतरे में है। वहीं, आगामी विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए उन्होंने संकेत दिया कि सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी।