"P का असली मतलब जल्द सामने आएगा", आकाश आनंद ने सपा के PDA फॉर्मूले पर साधा निशाना
बसपा नेता आकाश आनंद ने अयोध्या में सपा के PDA और आगरा कार्यक्रम को लेकर अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव पर तीखा हमला बोला।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट अभी से शुरू हो गई है। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या की बीकापुर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (SP) पर जोरदार हमला बोला है। आनंद ने सपा के चर्चित 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को राजनीतिक अवसरवाद करार देते हुए कहा कि चुनाव आते-आते इस 'P' का असली मतलब सबके सामने आ जाएगा।
आकाश आनंद ने सपा नेताओं पर गिरगिट की तरह रंग बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस तो एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की दिशा समझ से परे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के PDA में 'D' (दलित) और 'A' (अल्पसंख्यक) इस समय घबराए हुए हैं और डर रहे हैं कि कहीं अगला नंबर उनका न आ जाए।
आगरा कार्यक्रम और 'मूर्ख' वाले बयान पर मांगा माफी
आकाश आनंद ने सपा द्वारा आगरा में आयोजित दलित महासम्मेलन का जिक्र करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा ने केवल एक दिन के लिए खुद को अंबेडकरवादी दिखाने का नाटक किया, लेकिन उनकी असलियत सामने आ गई। आनंद ने दावा किया कि सपा के रणनीतिकार रामगोपाल यादव ने मंच से वहां मौजूद लोगों को 'मूर्ख' कहा।
इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा,
"आप कितना भी मेकअप कर लें, लेकिन दिल की कड़वाहट जुबान पर आ ही जाती है। रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव को हमारे समुदाय के लिए माफी मांगनी चाहिए, वरना हम आने वाले चुनावों में वोट की ताकत से इसका हिसाब चुकता करेंगे।"
सपा के पुराने रिकॉर्ड पर हमला करते हुए आकाश आनंद ने साल 2012 की याद दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब संसद में SC/ST प्रमोशन आरक्षण का बिल आया था, तब समाजवादी पार्टी ने उसका सबसे ज्यादा विरोध किया और बिल की कॉपी तक फाड़ दी थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग पहले संविधान के पन्नों को फाड़ते थे, वे आज खुद को संविधान का रक्षक कैसे बता सकते हैं?
इसके अलावा, आनंद ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए मुजफ्फरनगर की पुरानी घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि सपा के शासनकाल में दलितों और पिछड़ों की स्थिति बेहद खराब रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायावती सरकार द्वारा बहुजन नायकों के नाम पर रखे गए जिलों के नामों को सपा ने सत्ता में आते ही बदल दिया, जो कि इतिहास को मिटाने की कोशिश थी।