वाराणसी: कांग्रेस नेता अजय राय ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया, प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ
कांग्रेस नेता अजय राय ने वाराणसी में छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

धर्म और आस्था की नगरी काशी में छठ पूजा का महापर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता अजय राय ने सोमवार को छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने इस पावन मौके पर देश और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
अजय राय ने बताया कि उनका परिवार पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ छठी मैया की पूजा करता है। उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य देते हुए प्रार्थना की कि सभी नागरिक खुशहाल रहें और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपना बहुमूल्य योगदान दें। उन्होंने सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को इस महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
काशी के लोगों से शांति और आपसी प्रेम की अपील
अजय राय ने काशीवासियों से इस लोक आस्था के महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से और पूरे उत्साह के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद प्राप्त कर आपसी सहयोग और प्रेम के साथ जन कल्याण के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि छठ पूजा का यह चार दिवसीय कठिन व्रत और अनुष्ठान सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुy सूर्य देव और छठी मैया के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उगते सूर्य की पूजा करते हैं, जिसके बाद पारण के साथ इस कठिन उपवास का व्रत खोला जाता है।