आगरा शिक्षक निर्वाचन में गड़बड़ी: 6 अधिकारी निलंबित, 21 अन्य पर कार्रवाई के आदेश

आगरा शिक्षक निर्वाचन में गड़बड़ी के बाद चुनाव आयोग ने 6 अधिकारियों को निलंबित किया और 21 अन्य पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

Sushant Singh26 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
आगरा शिक्षक निर्वाचन में गड़बड़ी: 6 अधिकारी निलंबित, 21 अन्य पर कार्रवाई के आदेश

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन में बड़ी लापरवाही सामने आई है। आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को हुई वोटिंग के दौरान भारी अनियमितताएं पाई गई हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने कड़ा रुख अपनाया है और दोषी पाए गए 6 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, 21 अन्य कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

चुनाव आयोग की जांच में पोलिंग स्टेशन नंबर 21 और 26 पर गंभीर खामियां मिलीं। कार्रवाई की जद में आए निलंबित अधिकारियों में सेक्टर मजिस्ट्रेट ओपी चक (जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी), सेक्टर पुलिस अधिकारी हरिशरण सिंह (इंस्पेक्टर, क्राइम ब्रांच) और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार शामिल हैं, जो सैयां के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित पोलिंग स्टेशन 21 पर तैनात थे।

इसी तरह, फतेहाबाद के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित पोलिंग स्टेशन 26 पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट विशाल राठौर (क्षेत्रीय वन अधिकारी), सेक्टर पुलिस अधिकारी पुरुषोत्तम पाल (अतिरिक्त निरीक्षक) और सब-इंस्पेक्टर सुमित त्यागी को भी निलंबित किया गया है। इन अधिकारियों के अलावा, दो पीठासीन अधिकारियों, तीन पोलिंग अधिकारियों, पांच हेड कॉन्स्टेबल और 11 कांस्टेबलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

तीन केंद्रों पर फिर से होगा मतदान

अनियमितताओं के चलते चुनाव आयोग ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58A(2)(a) के तहत 23 अक्टूबर को तीन मतदान केंद्रों पर हुए चुनाव को शून्य घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, अब इन केंद्रों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।

री-पोलिंग के लिए जिन केंद्रों को चुना गया है, उनमें खेरागढ़ के तहसील परिसर स्थित पोलिंग स्टेशन नंबर 20, सैयां के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित पोलिंग स्टेशन नंबर 21 और फतेहाबाद के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित पोलिंग स्टेशन नंबर 26 शामिल हैं। यह पूरी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनावों का हिस्सा है।

Share:

Comments

Leave a comment