आगरा: फिरौती के लिए मासूम का अपहरण, पुलिस ने 24 घंटे में बच्चे को छुड़ाया, मामा गिरफ्तार
आगरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किडनैप हुए बच्चे को सुरक्षित बचाया और फिरौती मांगने वाले मामा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आगरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्चे को उसके ही सगे मामा ने पैसों के लालच में किडनैप कर लिया। हालांकि, आगरा पुलिस की मुस्तैदी ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई करते हुए बरहन थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और अपहरण में शामिल दो आरोपियों को दबोच लिया है।
पूरी घटना 26 नवंबर की है, जब एक बच्चा बकरियां चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बाद जब बच्चा नहीं मिला, तो पिता ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
कर्ज चुकाने के लिए रची अपहरण की साजिश
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात के पीछे बच्चे के सगे मामा रमाकांत का हाथ था। रमाकांत पर काफी कर्ज चढ़ा हुआ था और उसे चुकाने के लिए उसने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बच्चे के अपहरण की साजिश रची। इन दोनों का मकसद बच्चे को किडनैप कर उसके परिवार से 5 लाख रुपये की फिरौती वसूलना था।
27 नवंबर को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर बरहन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों, रमाकांत और अजय को गिरफ्तार कर लिया और बच्चे को उनके चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।