आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन: मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं को बनाया जा रहा जागरूक

Shubham Singh14 October 20262 min read0 viewsउत्तर प्रदेश
आगरा पुलिस का बड़ा एक्शन: मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिलाओं को बनाया जा रहा जागरूक

ताजनगरी आगरा में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगरा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 'सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश' के संकल्प के साथ आगरा मिशन शक्ति अभियान का छठा चरण (Phase 6.0) चलाया जा रहा है। 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए इस 10 दिवसीय विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं और बेटियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करना और उन्हें सुरक्षित माहौल देना है।

इसी कड़ी में एसीपी सदर, सुश्री अमीषा ने रकाबगंज थाना प्रभारी और एंटी रोमियो स्क्वाड की टीम के साथ एक स्थानीय अनाथालय का दौरा किया। वहां उन्होंने लड़कियों और महिलाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें न केवल उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी, बल्कि आज के दौर में बढ़ते डिजिटल और साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके भी समझाए। इस मौके पर पुलिस टीम ने बच्चों और महिलाओं के बीच मिठाइयां और चॉकलेट बांटकर एक आत्मीय माहौल बनाया।

हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में काम आने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया। इसमें 1090, 1098, 112 और 1930 जैसे नंबरों के साथ-साथ 'UPCOP' मोबाइल ऐप के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही, जानकारी से भरे पंपलेट्स भी बांटे गए ताकि महिलाएं जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद ले सकें।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व पुलिस कमिश्नर श्री दीपक कुमार और एडीजी जोन आगरा श्री एस.के. भगत की देखरेख में किया जा रहा है। अभियान के दौरान कई बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। 13 अक्टूबर को पुलिस लाइन्स में 'मिशन शक्ति सम्मान समारोह' का आयोजन हुआ, जिसमें कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को सम्मानित किया।

इसके अलावा, मेयर हेमलता दिवाकर और पुलिस कमिश्नर ने एक भव्य फुट मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, ताकि मिशन के संदेश को शहर के कोने-कोने तक पहुंचाया जा सके। साथ ही, एसीपी छत्ता सुश्री श्वेता वर्मा और एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नगर ने दुर्गा पूजा पंडालों में जाकर महिलाओं से मुलाकात की और उन्हें सरकारी सहायता प्रणालियों के बारे में जागरूक किया।

Share:

Comments

Leave a comment