त्योहारों पर सुरक्षा सख्त: आगरा पुलिस ने बाजारों में शुरू की फुट पेट्रोलिंग
आगामी त्योहारों को देखते हुए आगरा पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग शुरू की गई है।
आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए आगरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के नेतृत्व में सुरक्षा अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में एडिशनल डीसीपी (सिटी/क्राइम) मनोज कुमार यादव ने हरिपर्वत थाना क्षेत्र में सघन फुट पेट्रोलिंग की, ताकि आम जनता और व्यापारियों के बीच सुरक्षा का भाव बना रहे।
इस पैदल गश्त के दौरान उनके साथ एसीपी हरिपर्वत बजरंग प्रसाद और भारी पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों से सीधा संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैनात है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों और पटाखों की दुकानों पर विशेष नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी थाना प्रभारी शाम के समय व्यावसायिक केंद्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ाएं और नियमित फुट पेट्रोलिंग करें। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बैरिकेडिंग के जरिए वाहनों की चेकिंग और संवेदनशील पॉइंट्स पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे हाई-ट्रैफिक इलाकों के लिए ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की खास योजना तैयार की गई है।
त्योहारों के दौरान होने वाले हादसों को रोकने के लिए पटाखों की दुकानों की भी सघन जांच की जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी विक्रेता लाइसेंस नियमों का पालन करें और दुकानों पर आग बुझाने के लिए पानी व रेत जैसी जरूरी व्यवस्थाएं मौजूद हों। साथ ही, यूपी-112 की गाड़ियों को मोहल्लों में धीमी गति से गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पुलिस की मौजूदगी हर जगह महसूस हो और असामाजिक तत्वों पर लगाम कसी जा सके।