आगरा मेट्रो: रौली क्रॉसिंग पर बिना पिलर के तैयार हो रहा खास स्टील ब्रिज, इंजीनियरिंग का दिखेगा कमाल
आगरा मेट्रो के लिए रौली क्रॉसिंग पर बिना पिलर वाला खास स्टील ब्रिज बनाया जा रहा है, जिससे रेलवे संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

आगरा मेट्रो के निर्माण में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) एक ऐसा इंजीनियरिंग करिश्मा करने जा रहा है, जो शहर की रफ्तार को नई ऊंचाई देगा। रौली रेलवे क्रॉसिंग पर एक बेहद खास स्टील ब्रिज तैयार किया जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे बिना किसी सपोर्ट पिलर के बनाया जा रहा है। यह 60 मीटर लंबा और 11 मीटर चौड़ा ब्रिज मेट्रो की पटरियों को रेलवे लाइनों के ऊपर से ले जाएगा, जिससे रेल यातायात में कोई बाधा नहीं आएगी।
बिना पिलर के कैसे बनेगा यह ब्रिज?
इस प्रोजेक्ट की बारीकियों के बारे में बताते हुए UPMRC के जॉइंट जनरल मैनेजर पंचनन मिश्रा ने बताया कि इस पुल के ढांचे को बनाने के लिए कुल 154 अलग-अलग स्टील कंपोनेंट्स का इस्तेमाल किया गया है। इन सभी हिस्सों को एक ट्रेस्टल की मदद से बेहद व्यवस्थित तरीके से जोड़ा गया है। फिलहाल इस ब्रिज का असेंबली फेज अपने आखिरी दौर में है और कर्मचारी इसके फिनिशिंग टच और बोल्ट्स को कसने का काम कर रहे हैं।
इस पूरे निर्माण की सबसे दिलचस्प बात इसकी इंस्टॉलेशन तकनीक है। एक बार जब बोल्टिंग का काम पूरा हो जाएगा, तो इस भारी-भरकम ढांचे को एक विशेष "रोलिंग तकनीक" के जरिए रेलवे ट्रैक के ऊपर स्थापित किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को इस तरह डिजाइन किया गया है कि निर्माण के दौरान और उसके बाद भी ट्रेनों के संचालन पर कोई असर न पड़े।