5 करोड़ की रंगदारी और अभद्र टिप्पणी: अभिनेत्री उर्मिला सनावर सहारनपुर से गिरफ्तार
हरिद्वार पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। उन पर रंगदारी मांगने और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है।

उत्तराखंड की हरिद्वार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया है। उर्मिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके निवास से पकड़ा गया। उन पर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियां करने और भारी रकम की रंगदारी मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह पूरी कार्रवाई पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी द्वारा दर्ज कराई गई एक एफआईआर के बाद की गई है।
शिकायत के मुताबिक, उर्मिला सनावर 'रविदास पीठ' को अपने नाम पर ट्रांसफर करने की मांग कर रही थीं। जब उनकी यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उन्होंने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी कहा गया है कि अभिनेत्री ने पैसे न मिलने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी और सोशल मीडिया पर निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की बात कही।
पुलिस की कार्रवाई और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
हरिद्वार एसपी सिटी दीपक सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात रानीपुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और संपत्ति हड़पने की कोशिश का जिक्र था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने एक विशेष टीम गठित की, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए उर्मिला सनावर को सहारनपुर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिनेत्री के खिलाफ पहले भी नौ मामले दर्ज हो चुके हैं। उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उर्मिला सनावर की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। हाल ही में सीबीआई (CBI) ने भी उन्हें एक नोटिस जारी किया है। यह नोटिस चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े एक वायरल ऑडियो क्लिप की जांच के सिलसिले में है। सीबीआई ने उन्हें नार्को-एनालिसिस टेस्ट के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है, ताकि इस हाई-प्रोफाइल मामले में उनकी भूमिका और सच्चाई का पता लगाया जा सके।