West Delhi में ऑनर किलिंग, 19 साल की बेटी की हत्या के आरोप में मां, पिता और भाई गिरफ्तार

Delhi: पश्चिम दिल्ली के हरि नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक परिवार ने अपनी ही 19 साल की बेटी नूर की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में बेटी की मां, पिता और भाई को गिरफ्तार किया है। यह पूरी

Delhi: पश्चिम दिल्ली के हरि नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक परिवार ने अपनी ही 19 साल की बेटी नूर की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में बेटी की मां, पिता और भाई को गिरफ्तार किया है। यह पूरी घटना सिर्फ इसलिए हुई क्योंकि बेटी किसी से रिलेशनशिप में थी और परिवार को डर था कि इससे उनकी बदनामी होगी।

जानकारी के मुताबिक, नूर की हत्या 1 अप्रैल 2026 की रात को की गई थी। वारदात को छिपाने के लिए परिवार ने इसे प्राकृतिक मौत बताने की कोशिश की और कहा कि नूर की मौत किडनी फेलियर और पीलिया की वजह से हुई है। 2 अप्रैल को जब परिवार शव को दफनाने की तैयारी कर रहा था, तभी नूर की एक सहेली ने पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और दफनाने की प्रक्रिया को रुकवा दिया।

3 अप्रैल को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि नूर की मौत दम घोंटने की वजह से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की। हरि नगर थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया और सबूत मिटाने की कोशिश के लिए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 238 भी जोड़ी गई।

पुलिस जांच में पता चला कि इस वारदात की साजिश पूरे परिवार ने मिलकर रची थी। आरोपी मां रबिया खातून (55 साल) ने नूर के पैर पकड़े थे, जबकि पिता मोहम्मद मनीर (55 साल) ने उसके हाथ दबाए थे। इसी बीच भाई मेराज अली (19 साल) ने तकिए से नूर का दम घोंट दिया। पुलिस ने बताया कि रबिया खातून ने कबूल किया है कि नूर अपने गांव के ही एक युवक के साथ रिलेशनशिप में थी, जिससे परिवार की इज्जत खराब हो रही थी।

डीसीपी (वेस्ट) दरादे शरद भास्कर ने बताया कि इस मामले में आरोपी माता-पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें 5 अप्रैल को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने उस युवक का भी बयान दर्ज किया है जिसके साथ नूर का रिश्ता था। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।