Bihar: विक्रमशिला सेतु पर टीन शेड गिरने से दिव्यांग दूध विक्रेता की मौत, परिवार ने कहा- मुआवजा नहीं न्याय चाहिए

Bhagalpur: भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पुलिस पिकेट का टीन शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से विनय कुमार ईश्वर की मौके पर ही मौत हो गई।

Bhagalpur: भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां तेज आंधी और बारिश के दौरान एक पुलिस पिकेट का टीन शेड गिर गया, जिसकी चपेट में आने से विनय कुमार ईश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है।

मृतक विनय कुमार ईश्वर की उम्र 40 वर्ष थी और वह नवगछिया के सोनवर्षा गांव के रहने वाले थे। वह दिव्यांग थे और दूध बेचकर अपना गुजारा करते थे। घटना के समय विनय अपने बेटे लक्की कुमार के साथ थे। पिता ने अपनी जान जोखिम में डालकर लक्की को पुलिस पोस्ट के अंदर खड़ा कर दिया था, जिससे बेटे की जान बच गई लेकिन विनय खुद बाहर खड़े थे और शेड गिरने से उनकी मौत हो गई।

इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई दीपक ईश्वर ने बरारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुल निर्माण निगम के अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि उन्हें कोई मुआवजा नहीं चाहिए, बल्कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

मामले में मुखिया प्रतिनिधि अजय कुमार उर्फ लाली मुखिया ने भी प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से मृतक के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया है। बरारी थाना पुलिस ने आवेदन ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।