Vietnam नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों के शव मुंबई पहुंचे, अब गृह राज्यों को भेजे गए

World : वियतनाम में हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के शव मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 सोमवार रात 9:19 बजे मुंबई ल

World : वियतनाम में हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय नागरिकों के शव मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN979 सोमवार रात 9:19 बजे मुंबई लैंड हुई। इन मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के 3 और केरल के 2 लोग शामिल थे।

मंगलवार सुबह इन सभी शवों को मुंबई से उनके गृह राज्यों के लिए रवाना कर दिया गया। इंडिगो और एयर इंडिया की फ्लाइट्स के जरिए शवों को चेन्नई, हैदराबाद, तिरुवनंतपुरम और कोयंबटूर भेजा गया है ताकि वहां अंतिम संस्कार किया जा सके। इस पूरी प्रक्रिया में हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित वाणिज्य दूतावास ने वियतनाम सरकार के साथ मिलकर काम किया।

हादसे की जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब एक स्पीडबोट Hon May Rut Ngoai द्वीप से करीब 400 मीटर दूर पलट गई। बोट पर 32 भारतीय पर्यटक और 4 वियतनामी क्रू सदस्य सवार थे। हादसे में बचे लोगों में से एक बिजनेसमैन निर्मल कुमार ने बताया कि अचानक आए तूफान और बड़ी लहर की वजह से नाव पलट गई और यात्रियों में भगदद मच गई।

स्मार्टफोन कंपनी Lava International ने बताया कि यह ग्रुप कंपनी के कर्मचारियों, डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेल पार्टनर्स के लिए एक कंपनी ट्रिप पर गया था। इस हादसे में 21 लोगों को बचाया गया था, जिनमें से 16 भारत लौट आए हैं। एक व्यक्ति की हालत अभी भी गंभीर है और उसका इलाज हो ची मिन्ह सिटी के अस्पताल में चल रहा है।

वियतनाम सरकार इस मामले की जांच कर रही है। नाव के कप्तान नगुयेन होंग हाई पर जलमार्ग परिवहन सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप है। वियतनाम के विदेश मंत्री ले होइ ट्रुंग ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।