Delhi: म्यांमार आतंकी ट्रेनिंग केस में अमेरिकी आरोपी की मांग, जेल के तीखे खाने से परेशान होकर खुद खाना बनाने की मांगी इजाजत
Delhi: म्यांमार आतंकी ट्रेनिंग मामले में जेल में बंद अमेरिकी नागरिक Matthew Aaron Vandyke ने दिल्ली की एक अदालत में अपनी डाइट को लेकर एक अजीब अर्जी लगाई है। Vandyke का कहना है कि वह तिहाड़ जेल में मिलने वाले तेल और मसालो
Delhi: म्यांमार आतंकी ट्रेनिंग मामले में जेल में बंद अमेरिकी नागरिक Matthew Aaron Vandyke ने दिल्ली की एक अदालत में अपनी डाइट को लेकर एक अजीब अर्जी लगाई है। Vandyke का कहना है कि वह तिहाड़ जेल में मिलने वाले तेल और मसालों वाले खाने को नहीं खा पा रहा है, जिसकी वजह से उसकी सेहत बिगड़ रही है। उसने कोर्ट से मांग की है कि उसे जेल के अंदर अपना खाना खुद तैयार करने की अनुमति दी जाए।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (ASJ) प्रशांत शर्मा की कोर्ट में गुरुवार को इस मामले की सुनवाई हुई। अदालत ने जेल अधिकारियों को इस अर्जी पर अपना जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है। इससे पहले कोर्ट ने NIA और जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी।
Vandyke ने अपनी याचिका में बताया कि भारतीय जेलों का तला हुआ और मसालेदार खाना उसके लिए बहुत भारी पड़ रहा है। उसने दावा किया कि इस वजह से उसका वजन करीब 14 किलो कम हो गया है और पोषण की कमी के कारण उसे आंखों से देखने में भी दिक्कत होने लगी है। आरोपी का कहना है कि वह 6 मई से जेल का खाना नहीं खा रहा है और पिछले करीब 50 दिनों से भूख हड़ताल पर है, जिसमें वह सिर्फ सोया मिल्क और जूस जैसे तरल पदार्थों पर निर्भर है।
अपने आवेदन में Vandyke ने 19 चीजों की एक लिस्ट मांगी है, जिसमें दालें, चिकन, रेड मीट, मछली, पास्ता, नूडल्स, चावल, जैतून का तेल और सोया मिल्क शामिल हैं। साथ ही उसने खाना बनाने के लिए इंडक्शन चूल्हा, बर्तन और प्लास्टिक चॉपर की मांग भी की है। उसके वकीलों ने कहा कि यह मांग पूरी तरह मानवीय आधार पर की गई है ताकि उसकी सेहत खराब न हो और उसका परिवार इस विशेष डाइट का पूरा खर्च उठाने को तैयार है।
बता दें कि Matthew Aaron Vandyke को NIA ने मार्च 2026 में अन्य आरोपियों के साथ गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि वे टूरिस्ट वीजा पर भारत आए और मिजोरम के रास्ते अवैध रूप से म्यांमार गए, जहां उन्होंने वहां के सशस्त्र समूहों को ड्रोन वॉरफेयर और हथियारों की ट्रेनिंग दी। यह मामला UAPA और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज है। फिलहाल Vandyke की न्यायिक हिरासत 1 अगस्त तक बढ़ाई गई है।