UP में मानसून की रफ्तार हुई कम, अगले 3 दिनों तक उमस और गर्मी का अलर्ट; कुछ जिलों में होगी बारिश

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अचानक कम हो गई है, जिसकी वजह से आने वाले तीन दिनों तक लोगों को भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 6 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बार

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता अचानक कम हो गई है, जिसकी वजह से आने वाले तीन दिनों तक लोगों को भारी उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 6 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी रहेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, मध्य प्रदेश की सीमा से लगे कुछ दक्षिणी जिलों में राहत बनी रहेगी और वहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर खिसक गया है। इस वजह से प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं बचा है और मानसूनी गतिविधियां कमजोर हो गई हैं। इसका सीधा असर लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा और मेरठ जैसे बड़े शहरों में दिखेगा, जहां धूप और बादलों की लुका-छिपी के बीच उमस बढ़ेगी। गोंडा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

दूसरे तरफ, बुंदेलखंड और एमपी बॉर्डर से सटे जिलों जैसे सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, महोबा, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और चंदौली में बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जिससे यहां मौसम ठंडा रहेगा। मथुरा में भी 4 जुलाई को हल्की बारिश का अलर्ट है और तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। कानपुर में 99.8 मिमी, मेरठ में 86 मिमी और बदायूं में 85 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 4 जुलाई के लिए कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने का येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, जिसमें 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय बिना काम के बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पिएं। गर्मी से बचने के लिए हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही, बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े होने से बचने को कहा गया है। मंगलवार, 7 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है।