Lucknow समेत UP के 54 शहरों में बारिश का अलर्ट, 27 जुलाई से कई जिलों में होगी भारी बारिश
Lucknow: राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 शहरों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की उम
Lucknow: राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 शहरों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।
लखनऊ में गुरुवार को 6.5 mm बारिश दर्ज की गई, जबकि इटावा में 27 mm और हमीरपुर में 18 mm बारिश हुई। शुक्रवार सुबह लखनऊ में बादल छाए रहे और उमस काफी ज्यादा रही। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज दिन भर हल्की बारिश और रात में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
फिलहाल मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है क्योंकि मानसून ट्रफ लाइन दक्षिण की ओर खिसक गई है। इस वजह से 25 जुलाई तक भारी बारिश में कुछ कमी देखी जा सकती है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। 26 जुलाई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश तेज होगी और लखनऊ में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
सबसे बड़ा बदलाव 27 जुलाई को देखने को मिलेगा, जब प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। लखनऊ में रविवार को दिन में हल्की बारिश और रात में भारी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। IMD ने यूपी समेत 16 राज्यों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है, जहां हवा की रफ्तार 70-80 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है।