UP में भारी बारिश का अलर्ट, Noida-Lucknow समेत सभी जिलों में बरसेंगे बदरा, कई शहरों में स्कूल बंद
UP: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को नोएडा और लखनऊ समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार को हुई बारिश
UP: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार, 9 जुलाई 2026 को नोएडा और लखनऊ समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बाकी 43 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली शामिल हैं।
भारी बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। नोएडा में पूरे दिन बारिश होने की पूरी संभावना है, वहीं लखनऊ में दिन और रात दोनों समय गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
खराब मौसम और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने कुछ शहरों में स्कूल बंद करने का फैसला लिया है। गाजियाबाद में कक्षा 12 तक और मथुरा व हाथरस में कक्षा 8 तक के स्कूल गुरुवार को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों ने यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया है ताकि बच्चों को बारिश और जलजमाव की परेशानी न हो।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहेगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई से 13 जुलाई के बीच व्यापक रूप से बारिश होने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में राज्य के 71 जिलों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।