UP में मानसून फिर हुआ सक्रिय, लखनऊ और वाराणसी समेत 35 जिलों में बारिश का अलर्ट, इन जिलों में होगी भारी बारिश

UP: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर है क्योंकि राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से आए कम दबाव के क्षेत्र की वजह से शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम

UP: उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर है क्योंकि राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से आए कम दबाव के क्षेत्र की वजह से शुक्रवार से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लखनऊ और वाराणसी समेत 35 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से छुटकारा मिलेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बनी निम्न दबाव प्रणाली के कारण नमी वाली हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर आ रही हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी और अगले 48 घंटों में यह मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैल जाएगी। वहीं वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने भी नमी भरी पूर्वी हवाओं को बारिश की गतिविधियों के बढ़ने का मुख्य कारण बताया है।

आज 17 जुलाई को वाराणसी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। लखनऊ में दिन के समय छिटपुट बारिश और रात में बादल छाए रहने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा असर मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली में दिखेगा, जहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 17 से 22 जुलाई तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। तराई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 जुलाई को भारी बारिश और 19 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश देखने को मिल सकती है।

बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश की वजह से बलिया में सरयू और घाघरा नदियों के तटों पर कटाव शुरू हो गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दशाश्वमेध घाट की तीन सीढ़ियां पानी में डूब चुकी हैं। लखनऊ में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश ने पहले ही लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत देना शुरू कर दिया है।