UP में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ और पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज रहेगा बिगड़ा

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार से पांच दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को प्रदेश के 40 जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार से पांच दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को प्रदेश के 40 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक, गंगा के मैदानी इलाकों में मानसून का बहाव तेज होने की वजह से व्यापक स्तर पर बारिश होगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 और 8 अगस्त को भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में अनुमान से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिसमें इटावा में 13 सेमी और कैसरगंज में 10 सेमी बारिश हुई।

लखनऊ की बात करें तो शुक्रवार को दिन में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि रात में हल्की बारिश की उम्मीद है। हालांकि, शनिवार रात को लखनऊ में भारी गरज-चमक के साथ बारिश होने की 90% संभावना जताई गई है। तापमान 28°C से 34°C के बीच रहने का अनुमान है।

दक्षिण यूपी के जिलों में भी मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद और प्रयागराज समेत कई बड़े शहरों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।