UP में मानसून फिर हुआ सक्रिय, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश; अगले 5 दिन भारी बरसात का अलर्ट
UP: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर लौट आया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में 16 जुलाई की सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक
UP: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर लौट आया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में 16 जुलाई की सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 17 जुलाई से प्रदेश में बारिश की रफ्तार और बढ़ेगी। 17 से 22 जुलाई के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है। अनुमान है कि 20 जुलाई तक प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में बारिश का असर रहेगा। अगले 36 घंटों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। लखनऊ, रायबरेली, अमेठी और उन्नाव में बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं बाराबंकी, हरदोई और सीतापुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम में बड़ा बदलाव और तेज बारिश देखी जा सकती है। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है ताकि जलभराव और यातायात जैसी समस्याओं से निपटा जा सके। लोगों को सड़क पर फिसलन और जलभराव के प्रति सावधान रहने को कहा गया है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से मानसून फिर सक्रिय हुआ है। इसकी शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से हुई है और अगले 48 घंटों में यह मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक फैल जाएगा।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो 15 जुलाई को अंबेडकरनगर में सबसे ज्यादा 75 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश हुई। वहीं प्रयागराज सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।