UP में भारी बारिश का अलर्ट, 25 से ज्यादा जिलों में मूसलाधार बरसात की चेतावनी; शनिवार से बदलेगा मौसम

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से सक्रिय हो गया है जिससे पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 6 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से सक्रिय हो गया है जिससे पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 6 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरी काम होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

IMD के मुताबिक गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिजनौर, सहारनपुर, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट और कौशांबी जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी दिया गया है। आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, झांसी और ललितपुर में भी भारी बारिश की उम्मीद है।

बारिश की वजह से राज्य के कई मंडलों में तापमान गिरा है, जिससे लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार, 7 अगस्त को बारिश की रफ्तार कम होगी और यह केवल कुछ छिटपुट स्थानों तक सीमित रह जाएगी। शनिवार, 8 अगस्त से मौसम में बड़ा बदलाव आएगा और बारिश की गतिविधियां और कमजोर पड़ेंगी, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।