UP के 59 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई शहरों में मानसून ने पकड़ी रफ्तार
UP: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। लखनऊ में रविवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने मौसम बदल दिया, जहां मौसम विभाग ने 9.9 मिमी बारिश दर्ज की
UP: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। लखनऊ में रविवार शाम को हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने मौसम बदल दिया, जहां मौसम विभाग ने 9.9 मिमी बारिश दर्ज की है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब गहरे अवदाब में बदल चुका है, जिसका सीधा असर राज्य के मौसम पर दिख रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार 6 जुलाई को प्रदेश के 59 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, बरेली, पीलीभीत, बहराइच और श्रावस्ती में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं मेरठ, अमरोहा, बिजनौर, हापुड़, मुरादाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, ओरैया, इटावा, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव और कानपुर जैसे इलाकों में भीषण बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
लखनऊ, गौतमबुद्ध नगर, शामली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, जौनपुर और कौशांबी में हल्की बारिश का अनुमान है। लखनऊ के मौसम की बात करें तो सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले दो दिनों तक मानसून की गतिविधि थोड़ी धीमी रह सकती है, लेकिन 7 और 8 जुलाई से बारिश फिर तेज होगी। मौसम विभाग ने 8 और 9 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके बाद 9 से 11 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों ने लोगों को बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने और ताजा अपडेट्स पर नजर रखने की सलाह दी है।