UP के 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, बहराइच और लखीमपुर खीरी में ऑरेंज अलर्ट जारी

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो सकती है, जिससे लोगों

UP: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन जलभराव की समस्या बढ़ सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसक गया है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अवदाब (डिप्रेशन) में बदल गया है, जो जल्द ही गहरे अवदाब का रूप ले सकता है। इसी वजह से 27 जुलाई से 30 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना है। कुछ इलाकों में यह सक्रियता 1 अगस्त तक बनी रह सकती है।

मौसम विभाग ने बहराइच और लखीमपुर खीरी के लिए 27 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य के 48 जिलों में बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी दी गई है। कुछ जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम में खुले स्थानों पर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

भारी बारिश का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश की वजह से गंगा और यमुना समेत 10 नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। घाघरा और शारदा जैसी 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी हैं। बलिया में सरयू नदी के कटाव से एक सरकारी स्कूल और मकान नदी में समा गए। वहीं गोंडा में घाघरा नदी के कारण 100 बीघा से ज्यादा फसल डूब गई है। सीतापुर, पीलीभीत, लखीमपुर और बहराइच के गांवों में बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ भी घरों में घुस रहे हैं।

भारी बारिश की चेतावनी वाले जिले
बहराइच, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं

राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे शहर के लोगों को उमस से छुटकारा मिलेगा।