UP में सड़क हादसे में 5 की मौत, अर्टिगा कार से टकराई स्लीपर बस, एक ही परिवार के लोग थे सवार
UP/Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक बहुत बड़ा हादसा हो गया. उन्नाव जिले में एक अनियंत्रित स्लीपर बस डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई. इस भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की जा
UP/Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक बहुत बड़ा हादसा हो गया. उन्नाव जिले में एक अनियंत्रित स्लीपर बस डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रही अर्टिगा कार से टकरा गई. इस भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए.
यह हादसा 1 जुलाई 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र के देवखरी गांव के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से बिहार जा रही एक निजी स्लीपर बस (BR06 PF 1024) का चालक नींद की झपकी आने की वजह से नियंत्रण खो बैठा. बस डिवाइडर तोड़ते हुए लखनऊ से आगरा जा रही अर्टिगा कार से जा टकराई और फिर खाई में गिर गई.
कार में सवार लोग संत कबीर नगर के रहने वाले थे और वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे. हादसे में धुनमुन (60), विनोद (45), अंजू (40), अमृता (13) और दिव्या (6) की मौत हो गई. कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया है. वहीं बस में सवार 17 से ज्यादा यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज पास के अस्पताल में किया गया.
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों के इलाज की समीक्षा की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को पीड़ितों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.