UP में सावन के पहले सोमवार को कई हादसे, 7 श्रद्धालुओं की मौत और 10 से ज्यादा घायल
UP: लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में सावन का पहला सोमवार हादसों की भेंट चढ़ गया। अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल सात श्रद्धालुओं की जान चली गई और दस से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इन हादसों ने शिवभक्तों और उनके परिवारों को गहरे स
UP: लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में सावन का पहला सोमवार हादसों की भेंट चढ़ गया। अलग-अलग दुर्घटनाओं में कुल सात श्रद्धालुओं की जान चली गई और दस से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इन हादसों ने शिवभक्तों और उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में कुसुमखोर गंगा घाट पर जल भरने गए दो युवक, ऋषि और नारद, नदी की तेज धारा में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने शिवम कुशवाहा नाम के एक अन्य युवक को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन बाकी दो अब भी लापता हैं। प्रशासन की एसडीआरएफ और पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
वहीं रायबरेली के शिवगढ़ इलाके में बांदा-बहराइच हाईवे पर एक ई-रिक्शा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाराबंकी के हैदरगढ़ से लौट रहे 26 वर्षीय भोलेंद्र उर्फ शिवम की मौत हो गई। रिक्शा में सवार सात अन्य लोग घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ रेफर किया गया है।
अन्य जिलों में भी दुखद खबरें आईं। सीतापुर में घाघरा नदी के पास पिकअप पर सवार दो कांवड़ियों की 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई और छह लोग झुलस गए। सुल्तानपुर में एक तेज रफ्तार कार ने दो युवतियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बहराइच में भी एक ट्रक की टक्कर से मां-बेटी की जान चली गई।
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि सावन के पहले सोमवार को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और ड्रोन व सीसीटीवी से निगरानी की जा रही थी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ है, इसलिए केवल चिह्नित घाटों पर ही स्नान करें। पुलिस अज्ञात वाहनों की तलाश कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।