UP में लखनऊ अग्निकांड के बाद एक्शन, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई कोचिंग सेंटर सील

UP/Noida: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हड़कंप मच गया है। योगी सरकार ने अब प्रदेश के सभी कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी की जांच तेज कर दी है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशा

UP/Noida: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में हड़कंप मच गया है। योगी सरकार ने अब प्रदेश के सभी कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी की जांच तेज कर दी है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कई कोचिंग संस्थानों पर ताला जड़ दिया है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बुधवार, 24 जून 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले संस्थानों पर कार्रवाई हुई। ग्रेटर नोएडा में दो कोचिंग सेंटरों को पूरी तरह सील कर दिया गया, जबकि एक अन्य सेंटर के तीन क्लासरूम बंद कराए गए। यहां एक कोचिंग सेंटर के क्लासरूम में आग से बचने के लिए कोई एग्जिट डोर नहीं मिला, जिसके बाद उसे सील करने का फैसला लिया गया।

नोएडा के सेक्टर 149 में स्थित Om Education और सेक्टर 49 के Basu Coaching Center को बिना वैध फायर NOC और पंजीकरण के चलाने पर सील किया गया है। जांच में पाया गया कि Om Education में आने-जाने के लिए सिर्फ एक संकरा रास्ता था, जो आपात स्थिति में खतरनाक साबित हो सकता था। सिटी मजिस्ट्रेट शरद, DIOS चंद्रशेखर और CFO प्रदीप कुमार की टीम ने सेक्टर 113 और सेक्टर 49 में भी तीन और संस्थानों पर कार्रवाई की है। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ हादसे को सबक बताते हुए सख्त निर्देश दिए हैं कि अब बेसमेंट में किसी भी तरह की कोचिंग या व्यावसायिक गतिविधि नहीं चलेगी। अगर बेसमेंट पार्किंग के लिए बना है, तो वहां केवल गाड़ियां खड़ी होंगी। उन्होंने साफ किया है कि अस्पतालों, मॉल्स और सरकारी भवनों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, लेकिन साथ ही पहले जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

यह कार्रवाई केवल नोएडा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे यूपी में चल रही है। कानपुर के काकादेव में 30 से ज्यादा कोचिंग सेंटर सील हुए हैं, जहां बेसमेंट को क्लासरूम बना दिया गया था। वाराणसी में L1, ALLEN, AAKASH और महिंद्रा जैसे बड़े संस्थानों समेत आठ सेंटर सील किए गए हैं। गाजियाबाद में अब तक 206 जगहों पर कमियां मिली हैं, जिनमें से 62 कोचिंग सेंटर सील हो चुके हैं। वहीं प्रयागराज में खान ग्लोबल क्लासेज को व्यावसायिक नियमों के उल्लंघन पर सील किया गया है।

लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि 15 लोगों की मौत दम घुटने से हुई थी। यह बिल्डिंग अवैध थी, जिसके मालिक समेत चार लोग गिरफ्तार हो चुके हैं और LDA के छह अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।