UP में सड़क हादसे में विवि कर्मी की मौत, Wrong Side से आ रहे डंपर ने स्कूटी सवार को कुचला

UP/Moradabad: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। लोधीपुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार यूनिवर्सिटी कर्मचारी को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्मचारी की मौके पर ही मौत

UP/Moradabad: दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। लोधीपुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार यूनिवर्सिटी कर्मचारी को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र के निवासी संजय यादव (28) के रूप में हुई है। संजय गजरौला स्थित वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम करते थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब वह अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी लोधीपुर राजपूत स्थित डिजाइनको फैक्टरी के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि मिट्टी से भरा एक डंपर गलत दिशा (Wrong Side) से आ रहा था, जिसने संजय की स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में संजय का सिर डंपर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर ट्रैफिक को चालू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर व स्कूटी को जब्त कर लिया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों का गलत दिशा में चलना आम बात हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और संबंधित विभागों की लापरवाही की वजह से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी होती है, जिससे आए दिन मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। संजय अपने पीछे पत्नी बबिता, चार साल का बेटा, माता-पिता और तीन भाई छोड़ गए हैं। परिवार में वह दूसरे नंबर के भाई थे और उनकी मौत से घर में मातम छाया हुआ है।