Lucknow में लगेगा उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026, किसान ऐसे कर सकते हैं आवेदन
UP/Lucknow : उत्तर प्रदेश के बागवानों और आम उत्पादक किसानों के लिए एक बड़ा मौका आने वाला है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा
UP/Lucknow : उत्तर प्रदेश के बागवानों और आम उत्पादक किसानों के लिए एक बड़ा मौका आने वाला है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। उद्यान विभाग की इस पहल का मकसद प्रदेश में बागवानी और आम के उत्पादन को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों को अपनी मेहनत और उपज दिखाने का एक बड़ा मंच मिल सके।
इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जाने की उम्मीद है। राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस आयोजन के जरिए प्रदेश की आम संस्कृति और बेहतरीन किस्मों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और निर्यात के तरीकों के बारे में जानकारी देना है, जिससे उनकी कमाई बढ़ सके।
महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, आम्रपाली, रटौल और लखनऊ सफेदा जैसी दुर्लभ और प्रसिद्ध किस्मों के आम प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा, 4 जुलाई को जन भवन, लखनऊ में एक अंतर्राष्ट्रीय क्रेता-विक्रेता मीट भी होगी। यहाँ आम से बने अलग-अलग व्यंजनों और प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बागवानों के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
जो किसान इस महोत्सव में हिस्सा लेना चाहते हैं, उन्हें अपने आम के नमूने 2 जुलाई 2026 की सुबह 10 बजे तक लखनऊ पहुँचाने होंगे। नियमों के मुताबिक, आवेदन के लिए कम से कम 1 किलो आम या 5 आम होने जरूरी हैं। इसके साथ ही बागवान, FPO या पौधशाला स्वामी अपने पौधों और उत्पादों की बिक्री के लिए स्टॉल भी लगा सकते हैं। स्टॉल के लिए आवेदन की विस्तृत जानकारी के लिए किसानों को अपने जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।